शमसाबाद, फर्रुखाबाद
क्षेत्र के खोरी नगरी स्थित विश्रांत घाट पर आगामी 20 अप्रैल 2026, सोमवार को बाबा विश्वेश्वर महादेव भूतनाथ मंदिर में माँ अन्नपूर्णा एवं पंचमुखी हनुमान जी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन प्रस्तावित है।
आयोजन ‘समस्त सेवा परिवार’ के तत्वावधान में संपन्न होगा, जिसमें वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ मूर्ति स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज कर दी गई हैं तथा मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 09:00 बजे से नगर भ्रमण (शोभायात्रा) निकाली जाएगी। इसके उपरांत दोपहर 01:30 बजे मुख्य अनुष्ठान के तहत मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। वहीं दोपहर 03:00 बजे से विशाल भंडारा प्रारंभ होगा, जो प्रभु इच्छा तक चलता रहेगा।
आयोजन समिति द्वारा क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सम्मिलित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।


