30 C
Lucknow
Thursday, April 16, 2026

तिलकोत्सव की खुशियां बनीं मातम: हर्ष फायरिंग में युवक के सीने में लगी गोली, हालत गंभीर

Must read

 

अमृतपुर फर्रुखाबाद

थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर जटपुरा में आयोजित एक तिलकोत्सव समारोह उस समय अफरा-तफरी और चीख-पुकार में बदल गया, जब कार्यक्रम के दौरान की गई हर्ष फायरिंग ने एक युवक की जान पर बन आई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।मिली जानकारी के अनुसार, 15/16 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि को रामसनेही पुत्र नन्हे लाल के यहां तिलकोत्सव का कार्यक्रम चल रहा था। घर में उत्सव का माहौल था, मेहमानों की भीड़ लगी थी और रस्में चल रही थीं। इसी दौरान भोलाअर्फ सुदीप पुत्र रामसनेही ने कथित रूप से नाजायज तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान चली गोली पास में खड़े विपिन पुत्र रामसनेही (लगभग 36 वर्ष) के सीने में जा धंसी। गोली लगते ही विपिन मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिससे समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई। परिजन और मौजूद लोग आनन-फानन में घायल को लेकर उपचार हेतु कानपुर नगर के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।घटना की सूचना गांव में तेजी से फैल गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि समारोहों में हर्ष फायरिंग जैसी खतरनाक प्रवृत्ति लगातार जानलेवा साबित हो रही है, इसके बावजूद इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपी भोलाअर्फ सुदीप के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं थाना राजेपुर पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि अवैध असलहे के प्रयोग को लेकर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक खुशियों के मौके पर लापरवाही और दिखावे के नाम पर की जाने वाली फायरिंग लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करती रहेगी।
थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article