फर्रुखाबाद। भारतीय जनता पार्टी के आवास विकास स्थित जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती तथा नारी वंदन अधिनियम 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार अंबेडकर जयंती को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके तहत 15 से 18 अप्रैल के बीच जिला संगठन के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और शक्ति केंद्र संयोजक दलित बस्तियों में जाकर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को जहां-जहां अंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही दलित बाहुल्य बूथों पर विशेष गोष्ठियों का आयोजन कर अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
अंबेडकर जयंती पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत 16 अप्रैल को फर्रुखाबाद के गुड़गांव देवी मंदिर और कायमगंज के सीपी गेस्ट हाउस में संगोष्ठी आयोजित होगी। वहीं 17 अप्रैल को भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के जहानगंज स्थित रामाधार कोल्ड स्टोरेज तथा अमृतपुर विधानसभा के ग्राम दहेलिया में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रदेश नेतृत्व द्वारा मुख्य वक्ता भाग लेंगे।
जिलाध्यक्ष ने आगे बताया कि नारी वंदन अधिनियम 2026 के अंतर्गत भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 अप्रैल को कायमगंज और फर्रुखाबाद विधानसभा क्षेत्रों में तथा 18 अप्रैल को अमृतपुर और भोजपुर विधानसभा क्षेत्रों में नारी शक्ति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रबुद्ध वर्ग की महिलाओं से संपर्क कर अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त 15 से 17 अप्रैल के बीच पद यात्राएं आयोजित की जाएंगी। प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह जिला एवं मंडल स्तर की बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएंगी, जिनमें सभी अभियानों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही सभी कार्यक्रमों को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रचारित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, गोपाल राठौर, जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे, जितेंद्र सिंह, सर्वेश कुशवाहा, अशनील दिवाकर, अनुराग दुबे, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री अनुराग सिंह, पंकज पाल, मनोज गंगवार, शिव मोहन सिंह, अभिषेक बाजपेई, प्रतिभा राजपूत, श्वेता दुबे, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता एवं जिला कार्यालय प्रभारी संजय सिंह सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूर्ण सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
भाजपा जिला कार्यालय में बैठक सम्पन्न, अंबेडकर जयंती और नारी वंदन अधिनियम कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा


