फर्रुखाबाद। जनपद के महिला थाने से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक दरोगा पर सभासद के पति के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। इस घटना को लेकर सभासदों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
बताया जा रहा है कि नानक नगर वार्ड संख्या-4 की सभासद श्रीमती निर्मला देवी के पति श्याम सिंह को नाली निर्माण से जुड़े एक विवाद के सिलसिले में महिला थाने बुलाया गया था। थाना प्रभारी द्वारा दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था, जिसके बाद श्याम सिंह थाने से बाहर जाने की तैयारी कर रहे थे।
इसी दौरान आरोप है कि थाने में तैनात दरोगा ने उनसे पैसों की मांग की। जब श्याम सिंह ने कथित तौर पर रिश्वत देने से इनकार किया, तो दरोगा नाराज हो गया। आरोप है कि उसी समय एक महिला से दरोगा द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा था, जिसका विरोध करने पर श्याम सिंह को गुस्साए दरोगा ने थप्पड़ मार दिए और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया।
इसके बाद श्याम सिंह को जबरन पुलिस वाहन में बैठाकर कोतवाली फतेहगढ़ ले जाया गया। हालांकि वहां की पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। बाद में उन्हें फिर महिला थाने लाया गया, जहां उनकी गिरफ्तारी दर्शाई गई और कथित रूप से अपराधियों की तरह फोटो भी खींचे गए।
घटना के बाद श्याम सिंह को चिकित्सीय परीक्षण के लिए लोहिया अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित के अनुसार, दरोगा द्वारा डॉक्टर पर सामान्य रिपोर्ट बनाने का दबाव बनाया गया, लेकिन डॉक्टर ने निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार की, जिसमें चोटों का उल्लेख किया गया। पीड़ित ने गाल और कान में दर्द की शिकायत भी दर्ज कराई।
इस पूरे मामले को लेकर सभासद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपी दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और महिला थाने के सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित पक्ष ने जिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
महिला थाने में मारपीट का आरोप, रिश्वत न देने पर सभासद के पति से अभद्रता का मामला गरमाया


