औरैया। जनपद में ओवरलोडिंग और अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन व पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को सख्त कार्रवाई की गई। अनंतराम टोल प्लाजा के पास संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाकर 16 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया, जिससे खनन माफियाओं और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान एआरटीओ विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान कई ट्रक ओवरलोड पाए गए, जिन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया गया। वहीं एक ट्रक चालक और उसके हेल्पर को हिरासत में लेकर कोतवाली में बैठाया गया तथा संबंधित वाहन को थाने में खड़ा कराया गया।
कार्रवाई के दौरान एक ट्रक चालक ने चेकिंग से बचने के लिए वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। भागने की जल्दबाजी में उसने टोल प्लाजा पर आगे खड़ी एक कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। इसके बाद डंपर को कोतवाली अजीतमल में खड़ा करा दिया गया और चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में बिधूना क्षेत्र में भी अभियान चलाकर 11 वाहनों का चालान किया गया तथा एक डंपर को सीज किया गया। अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोडिंग और अवैध खनन के कारण सड़कों को नुकसान पहुंचता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है, इसलिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
प्रशासन की इस सख्ती से जहां नियमों का उल्लंघन करने वालों में भय का माहौल है, वहीं आम जनता ने इस अभियान की सराहना की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी हालत में अवैध खनन और ओवरलोडिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


