उन्नाव
एक थाने में थानाध्यक्ष द्वारा एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। घटना करीब चार महीने पुरानी बताई जा रही है, जिसका वीडियो रविवार को सामने आया।
वीडियो में दिख रहा है कि थानाध्यक्ष राहुल सिंह बिना वर्दी के एक युवक को पहले बेल्ट दिखाकर डराते हैं और फिर उस पर लात-घूसे और थप्पड़ों से मारपीट करते हैं। इस दौरान वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मी हंसते हुए नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, युवक को जमीन विवाद के मामले में थाने लाया गया था। बताया जा रहा है कि वह उस समय नशे की हालत में था और उसने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
घटना का वीडियो कथित रूप से थाने में मौजूद एक महिला दरोगा द्वारा बनाया गया था, जो अब सामने आने के बाद वायरल हो गया है। वीडियो में युवक और पुलिसकर्मियों के बीच गाली-गलौज भी सुनाई दे रही है।
मामला सामने आने के बाद एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने पूरे प्रकरण की जांच सीओ बीघापुर मधुपनाथ मिश्र को सौंपी है। उन्होंने कहा है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह पुलिसकर्मी हो या कोई अन्य व्यक्ति।
वहीं, थानाध्यक्ष राहुल सिंह का कहना है कि युवक थाने में हंगामा कर रहा था और भूत-प्रेत का नाटक कर रहा था तथा पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता कर रहा था।
फिलहाल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और मामले की जांच जारी है।


