अमृतपुर, फर्रुखाबाद
थाना अमृतपुर क्षेत्र के एक साधारण परिवार से निकलकर बड़ी सफलता हासिल करने वाले युवक पवन कुमार ने अपने संघर्ष और मेहनत से नई मिसाल कायम की है। टेलर (दर्जी) के बेटे पवन कुमार पुत्र लल्लू का चयन समीक्षा अधिकारी के पद पर होने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ फूलमालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
पवन कुमार की प्रारंभिक शिक्षा आदर्श कृष्ण विद्यालय, हरसिंहपुर गहलवार से हुई। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को कभी नजरअंदाज नहीं किया। बताया जाता है कि उन्होंने करीब तीन वर्षों तक एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करते हुए निरंतर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी। इसी दौरान उन्होंने कई परीक्षाओं में सफलता भी प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार पवन कुमार का चयन लेखपाल पद पर भी हो चुका था, लेकिन जन्मतिथि संबंधी तकनीकी त्रुटि के कारण वह नौकरी ग्रहण नहीं कर सके। इसके अलावा ग्राम विकास अधिकारी (VDO) परीक्षा में भी उनका चयन हुआ, लेकिन उन्होंने उसे जॉइन नहीं किया। इसी बीच उनका चयन सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के पद पर हो गया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। वहीं, पीसीएस परीक्षा का उनका परिणाम अभी लंबित बताया जा रहा है।
पवन कुमार की इस उपलब्धि से गांव और क्षेत्र में गर्व का माहौल है। जैसे ही वह गांव पहुंचे, सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और ढोल-नगाड़ों के साथ फूलमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जिला पंचायत प्रत्याशी बुद्धदेव, शिवाजी राव, रामतीर्थ कुशवाहा, हुसैनपुर राजपुर ग्राम प्रधान मुलायम सिंह कुशवाहा, प्रदीप कुशवाहा, सत्येंद्र कुशवाहा, जितेंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने पवन कुमार की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया और कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


