51 करोड़ दर्शकों ने ऑनलाइन देखी रामलीला

0
35

40 देशों में 26 भाषाओं में प्रसारण, अयोध्या की गूंज पहुंची विश्वभर

अयोध्या। भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या के रामकथा पार्क में आयोजित भव्य रामलीला इस बार परंपरा और तकनीक का ऐसा संगम बनी कि उसने ऑनलाइन दर्शकों का नया इतिहास रच दिया। फिल्मी कलाकारों की शानदार और जीवंत अदाकारी से सजी इस रामलीला को देश-दुनिया के करोड़ों दर्शकों ने देखा और सराहा। आंकड़े बताते हैं कि मात्र तीन दिनों के भीतर 51 करोड़ से अधिक दर्शकों ने इस रामलीला का आनंद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लिया। यह उपलब्धि न सिर्फ अयोध्या के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय बन गई है।

रामलीला का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के साथ-साथ विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस बार रामलीला के प्रसारण को सीमित न रखते हुए 40 देशों में 26 भाषाओं में लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इस प्रकार, यह आयोजन एक सांस्कृतिक महाकुंभ बनकर पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का संदेश फैला रहा है।

फिल्मी कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को इतना प्रभावित किया कि लोग लगातार इस लाइव प्रसारण से जुड़े रहे। राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान और रावण जैसे पात्रों को निभाने वाले कलाकारों की अभिनय क्षमता और संवाद अदायगी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इससे रामकथा की भव्यता और प्रभाव और भी गहरा हो गया।

फिल्मी रामलीला समिति के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने जानकारी देते हुए कहा कि अयोध्या में फिल्मी कलाकारों की रामलीला वर्ष 2020 में प्रारंभ हुई थी। तब से अब तक हर वर्ष दर्शकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती रही है। पिछले वर्ष 41 करोड़ दर्शकों ने ऑनलाइन रामलीला देखकर रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन इस वर्ष तो महज तीन दिनों में ही यह रिकॉर्ड टूट गया। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि आस्था और तकनीक का संगम जब होता है, तो उसका प्रभाव सीमाओं से परे जाकर पूरी दुनिया को जोड़ लेता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here