34 C
Lucknow
Wednesday, July 29, 2026

12 लाख की लूट का खुलासा : अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के 4 हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार

Must read

बलौदाबाजार: ज्वेलर्स से हुई करीब 12 लाख रुपये की लूट मामले में बलौदाबाजार पुलिस (Baloda Bazar Police) ने अंतरराज्यीय डकैत गिरोह (inter-state dacoit gang) के चार शातिर और हथियारबंद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी उत्तरप्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती और चोरी समेत 100 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। जब्त सामग्री में करीब एक लाख रुपये कीमत के चांदी के जेवर, 10,620 रुपये नकद, पिस्तौल, देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, धारदार तलवार, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम रोहरा निवासी और दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी अपनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। इसी दौरान रोहरा हाईस्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने हमला कर उनका मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली तथा बैग में रखे करीब 13 किलो चांदी और 70 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये थी, लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना भाटापारा ग्रामीण में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तरेंगा, मारो, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर और रतनपुर तक के रास्तों पर लगे 1000 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पुलिस ने AI आधारित वीडियो और डेटा एनालिटिक्स तकनीक का भी इस्तेमाल किया। अलग-अलग स्रोतों से मिले डेटा और वीडियो फुटेज के विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों और उनके संभावित रूट का पता लगाया गया। साइबर सेल की तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात से पहले संबंधित क्षेत्र की रेकी करते थे। वे भागने के संभावित रास्तों का भी मुआयना कर पूरी योजना तैयार करते थे। मौका मिलते ही पिस्तौल और धारदार हथियारों के दम पर पीड़ितों को डराकर लूटपाट करते थे। विरोध करने पर जानलेवा हमला करने से भी आरोपी पीछे नहीं हटते थे। वारदात के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी अलग-अलग रास्तों से तेज रफ्तार बाइक और चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर फरार हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गिरोह ने इससे पहले भी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में ज्वेलर्स संचालकों को निशाना बनाया था। आरोपियों की संलिप्तता 4 जुलाई 2022 को ग्राम रोहरा हाई स्कूल के पास महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक से सोने-चांदी के जेवर और नगदी लूटने की घटना में सामने आई है। इसके अलावा 5 सितंबर 2024 को भाटापारा मेनरोड स्थित ग्राम देवरीडीह तिराहा के पास आयुष ज्वेलर्स के संचालक से सोने-चांदी के आभूषण लूटने की वारदात में भी इनकी भूमिका बताई जा रही है।

पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुहन (48), निवासी चित्रकूट (उत्तर प्रदेश), जयदीप गुप्ता (43), निवासी रीवा (मध्य प्रदेश), जिआ उल हक (42), निवासी गोंडा (उत्तर प्रदेश) और गंगासागर पाण्डेय (42), निवासी चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 100 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, गंभीर मारपीट, लूट, डकैती और चोरी जैसे अपराध शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि गिरोह ने अब तक करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लूट, डकैती और चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।

 

 

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article