35 C
Lucknow
Thursday, August 13, 2026

रीजेंट की आपूर्ति के बाद सीएचसी में शुरू हुईं जांचें, 45 लाख रुपये से हुई खरीद

Must read

फर्रुखाबाद। स्वास्थ्य विभाग के सीएमएसडी स्टोर में करीब 45 लाख रुपये से खरीदा गया रीजेंट पहुंचने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इसका वितरण करा दिया गया है। रीजेंट उपलब्ध होने से अस्पतालों में बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर और सीबीसी मशीनों से मरीजों की जांच फिर शुरू हो गई है।
सीएमओ के अधीन सिविल अस्पताल समेत नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। इन अस्पतालों में बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर और सीबीसी मशीन के माध्यम से मरीजों के लिवर, किडनी, शुगर और खून से संबंधित जांच की सुविधा उपलब्ध है। रीजेंट खत्म होने के कारण पिछले दिनों इन अस्पतालों में जांच प्रभावित हो गई थी।
करीब 45 लाख रुपये की लागत से रीजेंट मंगाया गया। सीएमएसडी स्टोर में आपूर्ति पहुंचने के बाद संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को रीजेंट वितरित कर दिया गया। इसके बाद बायोकेमिस्ट्री और सीबीसी मशीनों से जांच शुरू हो गई है।
हालांकि, सीबीसी मशीनें अलग-अलग कंपनियों की होने के कारण उनमें इस्तेमाल होने वाले रीजेंट भी अलग-अलग हैं। फाइव पार्ट सीबीसी मशीन के लिए जरूरी एक रीजेंट अभी उपलब्ध नहीं हो सका है। स्टोर के चीफ फार्मासिस्ट चक्र सिंह यादव ने बताया कि तीन प्रकार के रीजेंट प्राप्त हो चुके हैं। फाइव पार्ट सीबीसी का एक रीजेंट भी एक-दो दिन में मिलने की उम्मीद है।
नवाबगंज सीएचसी में मशीन खराब, जांच फिर प्रभावित
नवाबगंज। रीजेंट की उपलब्धता के बाद जांच शुरू होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन खराब होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन दो दिन पहले खराब हुई है। संस्था के इंजीनियर को इसकी जानकारी दी गई है। इंजीनियर के आने के बाद मशीन की मरम्मत कराकर जांच सुविधा बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article