क्रासर
चूल्हा जलाते ही कमरे में लगी आग, ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर बचाई बुजुर्ग की जान
कायमगंज/फर्रुखाबाद ।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अहमदगंज में बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे गैस सिलेंडर से रिसाव के चलते बड़ा हादसा हो गया। चूल्हे पर दूध गर्म करने पहुंचे 58 वर्षीय रामलड़ैते को अंदाजा नहीं था कि कमरे में पहले से गैस रिसाव हो रहा है। जैसे ही उन्होंने चूल्हा जलाने का प्रयास किया, गैस ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरा कमरा आग की लपटों से घिर गया।
आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। लपटों की चपेट में आने से रामलड़ैते के कपड़ों में आग लग गई। खुद आग का गोला बनने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं खोई और सिलेंडर को बुझाने का प्रयास करते रहे, ताकि कोई बड़ा धमाका न हो जाए। उनकी दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे और पानी की बाल्टियां लेकर मौके पर दौड़ पड़े।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया और लपटों के बीच घिरे रामलड़ैते को बाहर निकाला। हादसे में उनका चेहरा, हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए। आग की लपटों ने कमरे में रखे घरेलू सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।
परिजन आनन-फानन में रामलड़ैते को कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे ने एक बार फिर घरेलू गैस सिलेंडर से होने वाले रिसाव के प्रति सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया।
गैस रिसाव से भड़की आग, बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलसे


