29 C
Lucknow
Monday, March 23, 2026

अमृतपुर में युवक लापता: कार्रवाई न होने से परिजनों में आक्रोश, अनहोनी की आशंका

Must read

 

अमृतपुर/फर्रुखाबाद

तहसील अमृतपुर क्षेत्र में एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम गुजरपुर पमारान निवासी धर्मशीला पत्नी ओमवीर ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति ओमवीर, जो मन रोड पर साइकिल मरम्मत की दुकान चलाते हैं, 20 जुलाई 2025 की शाम करीब 7 बजे दुकान बंद कर घर लौटे थे। कपड़े बदलने के बाद वह अपने मित्र रामू यादव (पुत्र अजपाल) के साथ बातचीत करते हुए कहीं चले गए, जिसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटे।परिजनों के अनुसार, कुछ देर बाद रामू यादव घर वापस आ गया, लेकिन जब धर्मशीला ने ओमवीर के बारे में पूछा तो उसने अनभिज्ञता जताई। पूरी रात तलाश के बावजूद ओमवीर का कोई सुराग नहीं लग सका। अगले दिन 21 जुलाई को परिजनों ने थाना अमृतपुर में सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और केवल गुमशुदगी दर्ज कर ली।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि उनके पति से रंजिश रखने वाले कुछ लोगों—देवेंद्र यादव, गुलाब सिंह उर्फ तिलक, सुरजीत यादव, श्यामवीर, बंटी उर्फ रामअवतार समेत अन्य—ने उनके पति का अपहरण कर लिया है और उनके साथ किसी अनहोनी की आशंका है।परिजनों का कहना है कि मामला दर्ज होने के बावजूद न तो ओमवीर की बरामदगी हो सकी है और न ही नामजद आरोपियों से प्रभावी पूछताछ की गई है। आरोप है कि सभी नामजद खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
पीड़िता धर्मशीला ने प्रशासन से मांग की है कि उनके पति को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही थाना प्रभारी अमृतपुर को निर्देशित कर निष्पक्ष व त्वरित जांच कराए जाने की भी अपील की गई है।
इस घटना को लेकर क्षेत्र में भी चर्चाओं का दौर जारी है और लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक ठोस कार्रवाई करता है और लापता युवक का सुराग कब तक मिल पाता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article