इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने अमेठी निवासी आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने 5 जनवरी को थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया कि वह लखनऊ में एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात रंजीत यादव निवासी जनपद अमेठी से हुई। आरोपी उसके ऑफिस में लोन संबंधी जानकारी लेने आया था और इसी बहाने उसने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने दोस्ती कर ली।
पीड़िता का आरोप है कि रंजीत यादव ने उसे बेहतर नौकरी दिलाने का लालच देकर उसकी पुरानी नौकरी छुड़वा दी। इसके बाद उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान आरोपी ने धोखे से उसके अश्लील वीडियो और तस्वीरें बना लीं।
जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। आरोप है कि 18 मार्च 2024 को रंजीत यादव इटावा स्थित युवती के घर पहुंचा और अश्लील वीडियो दिखाकर उसे धमकाने लगा। उसने धमकी दी कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी या पुलिस में शिकायत की तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और उसके परिवार को जान से मार देगा।
पीड़िता की शिकायत पर फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कराई जा रही है।


