गोरखपुर। जनहित सर्वोपरि की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित जनता दर्शन में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनीं। दूर-दराज़ जिलों से पहुंचे सैकड़ों नागरिक अपनी-अपनी समस्याओं और प्रार्थना–पत्रों के साथ मुख्यमंत्री से मिले। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्या को समझा और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान लोगों ने भूमि-विवाद, चिकित्सा सहायता, रोजगार, पुलिस-प्रशासन से जुड़े मामलों सहित विभिन्न विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता दर्शन सरकार और आम जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है और इसे पूरी संवेदनशीलता के साथ संचालित किया जा रहा है। जनता दर्शन में पहुंचे लोगों ने भी मुख्यमंत्री के त्वरित समाधान के प्रति समर्पण की सराहना की।





