लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए गन्ने के मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि की घोषणा की है। नई दरों के अनुसार अगेती प्रजाति के गन्ने का मूल्य अब 400 रुपये प्रति कुंतल और सामान्य प्रजाति का मूल्य 390 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। यह घोषणा पेराई सत्र 2025-26 के लिए की गई है।
सरकार के इस फैसले से प्रदेशभर के गन्ना किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। मूल्य वृद्धि से किसानों को करीब 3000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक राज्य सरकार ने चार बार गन्ने के समर्थन मूल्य में बढ़ोत्तरी की है।
सरकार के अनुसार बीते साढ़े आठ वर्षों में गन्ना किसानों को 2,90,225 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है, जो एक रिकॉर्ड है। इसके पहले वर्ष 2007 से 2017 के बीच मात्र 1,47,346 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ था। इस प्रकार पिछली सरकारों की तुलना में योगी सरकार के कार्यकाल में किसानों को 1,42,879 करोड़ रुपये अधिक भुगतान किया गया।
प्रदेश सरकार का कहना है कि यह फैसला न केवल किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेगा बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाएगा। गन्ना किसानों ने भी सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे “दीवाली से पहले की बड़ी सौगात” बताया है।






