लखनऊ।उत्तर प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र के आरंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों के सपनों को साकार करने की ताकत देता है और उन्हें जीवन में सफलता की ओर अग्रसर करता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में बच्चों से आह्वान किया कि वे अपने भविष्य के सपनों में रंग भरें और पूरी मेहनत व लगन के साथ पढ़ाई करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें ऐसे बच्चों को चिन्हित कर स्कूलों से जोड़ा जाएगा जो किसी कारणवश पढ़ाई से दूर हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि “हर बच्चा पढ़ेगा, हर बच्चा बढ़ेगा” केवल नारा नहीं, बल्कि सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश का सपना तभी साकार होगा, जब प्रदेश का हर बच्चा शिक्षित होगा और समाज में सकारात्मक योगदान देगा। इस दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
लखनऊ। 1 अप्रैल से ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत, शिक्षा से जुड़ेंगे लाखों बच्चे
प्रदेश में शिक्षा के प्रसार और ड्रॉपआउट दर को कम करने के उद्देश्य से 1 अप्रैल से ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।
इस अभियान के तहत 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा, जिसमें शिक्षकों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए और सभी बच्चों का विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा ही विकसित उत्तर प्रदेश की आधारशिला है। जब प्रदेश का हर बच्चा शिक्षित होगा, तभी राज्य प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकेगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उनकी पढ़ाई में सहयोग करें।
सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से उम्मीद है कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा और आने वाले समय में उत्तर प्रदेश एक सशक्त, शिक्षित और विकसित राज्य के रूप में अपनी पहचान को और मजबूत करेगा।
नए शैक्षणिक सत्र पर बच्चों के नाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश


