32 C
Lucknow
Saturday, March 28, 2026

सीएम योगी ने 1,228 नर्सिंग अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

Must read

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 1,228 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 1,097 महिलाएं और 131 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं बल्कि सेवा और संवेदना का प्रतीक है, जहां मरीज की देखभाल में मानवीय दृष्टिकोण सबसे महत्वपूर्ण होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब चिकित्सा सेवा के साथ संवेदना जुड़ती है तो उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने नर्सिंग क्षेत्र को युवाओं के लिए रोजगार की दृष्टि से अत्यंत संभावनाओं वाला क्षेत्र बताते हुए कहा कि इसमें लगभग 100 प्रतिशत प्लेसमेंट की संभावना रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर इतनी बड़ी संख्या में बेटियों को नियुक्ति पत्र मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में केवल 40 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब बढ़कर 81 हो चुके हैं। गोरखपुर और रायबरेली में एम्स संस्थान पूरी तरह संचालित हो रहे हैं। इसके साथ ही नर्सिंग क्षेत्र में 60,000 सीटों की वृद्धि की गई है तथा पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में 2,000 सीटें बढ़ाई गई हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान बंद हो चुके एएनएम और जीएनएम संस्थानों को वर्तमान सरकार ने पुनः संचालित किया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में प्रशिक्षित मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज के तहत प्रदेश में सवा नौ करोड़ लाभार्थियों को जोड़ा गया है, जिससे आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने नई शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए कहा कि अब छात्र-छात्राएं एक साथ दो डिग्री प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उनके करियर के अवसर और अधिक विस्तृत हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं, जो युवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की उपलब्धि का भी उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2025 की एनआईआरएफ रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने देश में आठवां स्थान हासिल किया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टालों का अवलोकन भी किया और स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी ली। इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी और अभ्यर्थियों के परिजन मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article