फर्रुखाबाद। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के बैनर तले स्वामी सत्यगिरि महाराज के संरक्षण में सनातनी हिंदू राष्ट्र पदयात्रा का आयोजन किया गया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकली इस यात्रा में सनातन धर्म के अनुयायियों की भीड़ उमड़ी और जय श्री राम के उद्घोषों के बीच भारत को हिंदू राष्ट्र और गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग जोरशोर से उठाई गई।
यात्रा का शुभारंभ घुमना बाजार से हुआ और लाल सराय होते हुए लाल दरवाजा तक पहुंचा। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से इसे आगे बढ़ने से रोक दिया। यात्रा में डीजे को पहले ही बंद कर दिया गया था। इस पदयात्रा में व्यापार मंडल के पदाधिकारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग भी सैकड़ों की तादाद में मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष कौशल गुप्ता और जिला महामंत्री सनी गुप्ता के नेतृत्व में यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
स्वामी सत्यगिरि महाराज ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा और एकता के लिए युवा पीढ़ी ने यह यात्रा निकाली है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र और गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किया जाना चाहिए और सभी सनातनी एकजुट होकर अपने धर्म और संस्कृति की सुरक्षा करें।
संयोजक और संस्था के महामंत्री सनी गुप्ता ने कहा कि यात्रा बागेश्वर बाबा से प्रेरणा लेकर आयोजित की गई थी और इसमें सभी समाजों के सनातनी लोगों ने भागीदारी की। उन्होंने सभी सहयोगी संगठनों, पदाधिकारियों और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की एकता के माध्यम से सनातन धर्म की रक्षा की जा सकती है।






