फर्रुखाबाद। सर्दी के मौसम में बढ़ते कोहरे और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर एआरटीओ परिवर्तन सुभाष राजपूत एवं यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ विशेष जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान फतेहगढ़ स्थित भोलेपुर, नेकपुर, शाहिद एवं पांचाल घाट क्षेत्र में चलाया गया, जहां छोटे एवं बड़े वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि घने कोहरे के दौरान दृश्यता कम हो जाती है, ऐसे में ओवर स्पीड से वाहन चलाना अत्यंत खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, हेडलाइट व फॉग लाइट का सही प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने से रात और कोहरे के समय वाहन दूर से ही दिखाई देने लगते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है। इस दौरान टीम द्वारा बिना रिफ्लेक्टर टेप वाले वाहनों को रोककर उन्हें निशुल्क टेप लगाए गए और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं भी सतर्क रहें और दूसरों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।





