15 मिनट तक कार में फंसे रहे संजीव, मेडिकल कॉलेज रेफर
शाहजहांपुर: पुवायां क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रही दो ट्रैक्टर-ट्रालियों ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे पेस्टीसाइड कंपनी के फील्ड ऑफिसर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक भीतर ही फंस गया। घायल की पहचान संजीव सिंह के रूप में हुई है। वह मूलरूप से लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के परसर गांव के निवासी हैं।
वर्तमान में वह थाना सदर बाजार क्षेत्र के चिनौर मोहल्ले में परिवार सहित रहते हैं और एक पेस्टीसाइड कंपनी में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया कि संजीव सिंह शुक्रवार शाम अपने पैतृक गांव से शाहजहांपुर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार पुवायां के ढकिया मोड़ स्थित ओवरब्रिज के पास पहुंची, तभी रॉन्ग साइड से आ रही दो ट्रैक्टर-ट्रालियों ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद संजीव कार में बुरी तरह फंस गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने उन्हें कार से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही उनकी पत्नी नितांशी अस्पताल पहुंच गईं। उधर, टक्कर मारने के बाद दोनों ट्रैक्टर-ट्राली चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। आरोपित चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


