27 C
Lucknow
Wednesday, March 25, 2026

पुल पर थमा काम, जैक व मशीनें हटाई गईं

Must read

 

शाहजहांपुर। ककरा काकर कुंड क्षेत्र में गर्रा नदी पर बने पुल को ऊंचा करने का कार्य अचानक ठप पड़ गया है। मौके पर लगाए गए जैक व अन्य भारी मशीनों को भी हटा लिया गया है, जिससे लोगों में संशय की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पुल और एप्रोच रोड में हल्की दरार जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। यह दरार पुल को उठाने की प्रक्रिया के दौरान आई है या फिर कोई तकनीकी खामी है, इस पर अधिकारी स्पष्ट कुछ भी कहने से बच रहे हैं। ककरा काकर कुंड क्षेत्र को न्यू सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में वर्ष 2021 में गर्रा नदी पर 181.13 मीटर लंबे पुल का निर्माण लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था। हालांकि वर्ष 2024 और 2025 की बाढ़ में नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया, जिससे पानी पुल से टकराकर आसपास के निर्माणाधीन सरकारी भवनों, कॉलोनियों और आबादी वाले क्षेत्रों में घुस गया। तकनीकी जांच में पुल के डिजाइन में खामी सामने आने के बाद इसे 80 सेंटीमीटर ऊंचा करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए शासन से करीब 4.24 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ और गत माह कार्य शुरू भी कर दिया गया था। जैक व मशीनों की मदद से पुल को उठाने की प्रक्रिया चल रही थी, जिसे तीन माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन अब अचानक काम रुकने और मशीनों के हटने से सवाल खड़े हो गए हैं। इस बीच पुल और एप्रोच रोड के बीच गैप बढ़ने की चर्चा भी तेज है। इस संबंध में सेतु निगम के परियोजना अधिकारी बृजेंद्र मौर्य का कहना है कि कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि सोमवार को निरीक्षण के दौरान जैक व मशीनें लगी हुई थीं और कहीं कोई दरार नहीं पाई गई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article