फॉरेंसिक टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की जांच
शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के मोहल्ला सैदवाड़ा में सोमवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव कमरे के अंदर दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शमशाबाद नगर के मोहल्ला सैदवाड़ा निवासी अनुज कुमार की लगभग 27 वर्षीय पत्नी, जो दो बच्चों की मां बताई जा रही है, सोमवार अपराह्न अपने कमरे के अंदर दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटकी हुई पाई गई। पुत्रवधू द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की जानकारी मिलते ही ससुराल पक्ष के लोग घबराकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पिता शिवमोहन निवासी घसिया चिलौली, कोतवाली कायमगंज, अपनी बेटी की ससुराल पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर पुत्री के साथ उत्पीड़न करने तथा उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। पिता के आरोपों के बाद मामला और भी गंभीर हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना शमशाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। अधिकारियों के निर्देश पर जिला मुख्यालय से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से विभिन्न नमूने एकत्रित कर जांच के लिए सुरक्षित किए।
मौके पर कायमगंज के नायब तहसीलदार और सीओ कायमगंज भी पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का।
बताया गया है कि मृतका का विवाह लगभग पांच वर्ष पूर्व हुआ था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के समय मृतका की सास घर पर मौजूद थी, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। वहीं थाना शमशाबाद पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


