29.4 C
Lucknow
Saturday, March 14, 2026

कटरी क्षेत्र में जंगली सियार का आतंक, हमलों में कई ग्रामीण घायल

Must read

किशोरियों समेत पशुपालक पर हमला, घायलों का सीएचसी शमशाबाद में उपचार, डीएफओ को दी गई सूचना

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के कटरी इलाके में इन दिनों जंगली जानवरों का आतंक देखने को मिल रहा है। खासकर जंगली सियार के हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। बीते दिवस शाम अलग-अलग स्थानों पर हुए हमलों में पशुपालक समेत कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है।

जानकारी के अनुसार थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम कैलियाई निवासी राम रहीम शुक्रवार शाम अपने घर के बाहर दुधारू पशुओं को बांध रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक जंगली जानवर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में राम रहीम घायल हो गए। अचानक हुए हमले से घबराकर उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की आहट सुनते ही जंगली जानवर मौके से भाग निकला। घायल पशुपालक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

उधर थाना क्षेत्र के ही ग्राम जटपुरा में भी जंगली जानवर का आतंक देखने को मिला। बताया गया कि ज्वाला प्रसाद की 12 वर्षीय पुत्री प्रियांकी तथा राजीव कुमार की 10 वर्षीय पुत्री रंजना शाम के समय शौच के लिए गांव के बाहर जा रही थीं। तभी अचानक एक जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों किशोरियां घायल हो गईं।

अचानक हुए हमले से घबराई किशोरियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की भीड़ देखकर हिंसक जानवर वहां से भाग निकला। बाद में परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों घायल किशोरियों को उपचार के लिए सीएचसी शमशाबाद में भर्ती कराया।

ग्रामीणों का कहना है कि कटरी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है। लोगों का अनुमान है कि यह हमले जंगली सियार द्वारा किए जा रहे हैं, जो रात और शाम के समय गांवों के आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं। पशुपालकों का कहना है कि गांवों में अधिकतर पशु घरों के बाहर खुले स्थानों पर बांधे जाते हैं, जिससे जंगली जानवरों के हमले का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने बताया कि जंगली जानवरों की गतिविधियों और हमलों की सूचना वन विभाग के डीएफओ को दे दी गई है, ताकि समय रहते कार्रवाई कर लोगों को इस खतरे से बचाया जा सके। फिलहाल जंगली सियार की दस्तक से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article