बदायूंl जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर एक हजार रुपये में अपनी पत्नी का सौदा कर दिया। पति ने महिला को अपने दो दोस्तों के साथ भेज दिया, जिन्होंने उसे बाग में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना से आहत पीड़िता ने पति और दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित महिला के अनुसार छह फरवरी को वह अपने पति के साथ कुछ दस्तावेज बनवाने जा रही थी। रास्ते में पति के दोस्त पप्पू और बालकिशन मिल गए। आरोप है कि पति ने दोनों युवकों से एक हजार रुपये लेकर पत्नी को उनके हवाले कर दिया। इसके बाद दोनों युवक महिला को बाइक पर बैठाकर सुनसान इलाके में स्थित एक बाग में ले गए।
महिला का आरोप है कि बाग में ले जाकर दोनों युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह वहां से बचकर वह घर पहुंची और पति से इस हरकत का विरोध किया। पीड़िता का कहना है कि पति ने जो जवाब दिया, उसे सुनकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पति ने कथित तौर पर कहा कि वह इसी तरह उससे पैसे कमाएगा।
घटना के अगले दिन पीड़िता ने फैजगंज बेहटा थाने पहुंचकर पति और दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं महिला के पति पर लगे आरोपों की गहन जांच की जा रही है। वह फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पति के पकड़े जाने के बाद जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


