इटावा: भरथना क्षेत्र में प्रेम संबंधों में बाधक बने पति (husband) की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या (murdered) कर दी। मामला भरथना थाना क्षेत्र के गांव पड़ियापुर का है, जहां रविवार रात खेत में बने मकान में ट्रक चालक रनवीर सिंह (45) की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद पत्नी पूजा अपनी दो वर्षीय बेटी रुकमणी को लेकर प्रेमी अर्पित के साथ फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार रनवीर सिंह की शादी वर्ष 2018 में पूजा से हुई थी। वह ट्रक चालक था और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता था। इसी दौरान पूजा के गांव के ही युवक अर्पित से प्रेम संबंध हो गए। इसे लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। परिवार को भी इस संबंध की जानकारी थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। रनवीर शुक्रवार को ही बाहर से घर लौटा था। इसी बीच पत्नी पूजा और प्रेमी अर्पित ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
रविवार रात अर्पित घर पहुंचा और पूजा के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से रनवीर के चेहरे और सीने पर ताबड़तोड़ वार किए।
पुलिस के अनुसार मृतक पर आधा दर्जन से अधिक वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद पूजा अपनी छोटी बेटी को लेकर अर्पित के साथ फरार हो गई। मृतक के भाई प्रदीप कुमार उर्फ लालू की तहरीर पर पुलिस ने पूजा, उसके प्रेमी अर्पित और अर्पित के पिता सर्वेश कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। प्रदीप ने बताया कि पूजा पहले बड़ी बेटी लक्ष्मी को लेकर मायके वृंदावन चली गई थी और तीन साल बाद पंचायत के जरिए ससुराल लौटी थी। खेत में नया मकान बनवाने की शर्त पर वह वापस आई थी। दो वर्ष पूर्व दूसरी बेटी रुकमणी का जन्म हुआ, लेकिन इसी दौरान पूजा के अर्पित से प्रेम संबंध और गहरे हो गए।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचंद्र, क्षेत्राधिकारी चकरनगर अवनीश कुमार और थाना प्रभारी विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
घटना के बाद मृतक की मां मुन्नी देवी, भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एएसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।


