14 C
Lucknow
Wednesday, February 4, 2026

वेल्डर ने तमंचे से सिर में गोली मारकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

Must read

 

कानपुर। .नवाबगंज थाना क्षेत्र के ख्योरा इलाके में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 20 वर्षीय वेल्डिंग कारीगर अभिषेक निषाद ने तमंचे से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंची।

ख्योरा निवासी रामअवतार निषाद लोडर चालक हैं। परिवार में पत्नी ममता, दो बेटे दीपक और अभिषेक तथा दो शादीशुदा बेटियां शिवानी और प्रीती हैं। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह रामअवतार और बड़ा बेटा दीपक काम पर गए थे, जबकि अभिषेक घर पर ही था। सुबह करीब 11 बजे दीपक ने अभिषेक को फोन कर दुकान बुलाया, लेकिन उसने कुछ काम होने की बात कहकर आने से मना कर दिया।

दोपहर करीब एक बजे जब दीपक घर लौटा और भाई के कमरे में गया, तो कमरा अंदर से बंद मिला। हाथ डालकर दरवाजा खोलने पर अभिषेक बिस्तर पर लहूलुहान पड़ा था। आनन-फानन में उसे हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह, एसीपी कर्नलगंज अमित चौरसिया समेत नवाबगंज पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कमरे से 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। दीवार पर गोली का निशान भी मिला है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि गोली सिर के आर-पार होकर दीवार में जा धंसी।

एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह ने बताया कि परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके हैं। मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article