शाहजहांपुर। नगर निगम में नवागत नगर आयुक्त के रूप में नियुक्त आईएएस अधिकारी सौम्या गुरुरानी का सोमवार को औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान पूर्व नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्र ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और पदभार से जुड़ी जिम्मेदारियों का हस्तांतरण किया। नगर निगम कार्यालय में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी नवागत नगर आयुक्त का अभिनंदन किया। सौम्या गुरुरानी ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाने पर जोर दिया। वहीं, विपिन कुमार मिश्र ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए नवागत नगर आयुक्त को शुभकामनाएं दीं और शहर के विकास कार्यों को गति देने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


