शाहजहांपुर: प्रदेशभर में चल रही एस.आई.आर. (S.I.R.) प्रक्रिया के तहत बूथों पर फार्म-7 के माध्यम से मतदाता सूची (voter list) से नाम काटे जाने को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। नेता जयेश ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के दबाव में कुछ बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से फर्जी हस्ताक्षर कराकर पात्र मतदाताओं के नाम बड़े पैमाने पर वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं, जिससे विपक्षी दलों के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर 2025 से चल रही इस प्रक्रिया के कारण आम मतदाताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
विशेषकर वर्ष 2003 के बाद विवाह के पश्चात स्थान परिवर्तन करने वाली बेटियों तथा अल्पसंख्यक मतदाताओं को अपात्र बताकर उनके नाम जबरन काटे जा रहे हैं। आरोप है कि निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं की अनदेखी कर यह कार्रवाई की जा रही है। जयेश ने सभी बीएलओ से अपील करते हुए कहा कि बूथ की जिम्मेदारी उनकी है और वे किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना विधिसम्मत कार्य करें।
यदि किसी पात्र मतदाता का नाम जबरन वोटर लिस्ट से हटाया जा रहा हो तो इसकी सूचना सीधे उन्हें दी जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसी हर स्थिति में वे संबंधित अधिकारियों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में किसी भी पात्र व्यक्ति का मताधिकार नहीं छीना जाना चाहिए और मतदाता सूची में किसी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


