फर्रुखाबाद। शहर के मसेनी रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में चल रहे विवाह समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सादा वेश में पहुंची बाहरी जनपद की पुलिस टीम ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई को गलतफहमी में अपहरण समझ बैठे बारातियों और घरातियों ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर मारपीट की घटना भी सामने आई।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला दिल्ली ख्याली कूंचा निवासी अधिवक्ता रामनारायण मिश्रा की पुत्री का विवाह समारोह ‘द सेलीब्रेशन गेस्ट हाउस’ में आयोजित था। देर रात लगभग 2:15 बजे जनपद आगरा के थाना हरी पर्वत से आई पुलिस टीम ने मथुरा निवासी एक रिश्तेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर अपने वाहन में बैठा लिया। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब बारातियों को यह सूचना मिली कि किसी को जबरन ले जाया जा रहा है, तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर हिरासत में लिए गए युवक को छुड़ा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही आगरा पुलिस ने स्थानीय थाना कादरीगेट पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने अधिवक्ता के पुत्र उत्सव मिश्रा और नाला मछरट्टा निवासी विकास अग्निहोत्री को हिरासत में लेकर शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संबंधित युवक के विरुद्ध अन्य जनपद में मामला दर्ज है और उसे विधिक प्रक्रिया के तहत पूछताछ के लिए लिया जा रहा था। वहीं परिजनों का आरोप है कि सादा वेश में की गई कार्रवाई से भ्रम की स्थिति बनी, जिसके कारण विवाद खड़ा हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here