फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक पर फावड़े से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार भोजपुर निवासी शिवराज सिंह पुत्र अहिवरन सिंह पर उसके ही भाई ने फावड़े से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। हमले के दौरान फावड़े से शिवराज के सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा।
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल शिवराज को तत्काल कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां से औपचारिक प्रक्रिया के तहत पहले थाने भेजा गया, जिसके बाद पुलिस द्वारा उन्हें पुनः इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. मानसिंह वर्मा ने घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया।
घटना के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि हमलावर और घायल दोनों घटना से कुछ देर पहले एक ही मोटरसाइकिल पर कहीं गए थे, लेकिन उनके बीच विवाद कैसे और किन कारणों से हुआ, इसकी जानकारी नहीं हो पाई है।
पीड़ित शिवराज सिंह की ओर से कमालगंज थाने में तहरीर दी गई है। इस संबंध में कमालगंज थाना अध्यक्ष अवध नारायण पांडेय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here