अयोध्या| प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भाजपा के फायर ब्रांड नेता और पूर्व सांसद विनय कटियार ने बड़ा राजनीतिक संकेत देते हुए चुनाव लड़ने की तैयारी का एलान कर दिया है। अयोध्या स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ हुई लंबी और बंद कमरे की बैठक के बाद कटियार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी चुनावी तैयारी पूरी तरह से जारी है और सही समय आने पर वे मैदान-ए-जंग में उतरेंगे। यह बैठक घंटों तक चली, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क को लेकर गहन मंथन किया गया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरा रहे विनय कटियार ने कहा, “किसने कह दिया कि हमारी कोई तैयारी नहीं है। चुनाव की पूरी तैयारी चल रही है।” उनके इस बयान को सीधे तौर पर अयोध्या विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। कटियार ने कहा कि राम जन्मभूमि उनकी कर्मभूमि रही है, ऐसे में स्वाभाविक है कि चुनावी डंका भी यहीं से बजे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी से हुई मुलाकात शिष्टाचार भेंट थी, लेकिन संगठन और कार्यकर्ताओं से उनका संवाद लगातार बना हुआ है।
विनय कटियार ने दावा किया कि अयोध्या ही नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता भी उन्हें एक बार फिर चुनाव मैदान में देखना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में वे एक नहीं बल्कि दो-दो बार चुनौती देने के लिए तैयार हैं, जिससे उनके आत्मविश्वास और आक्रामक राजनीतिक तेवर साफ झलकते हैं। कटियार के इस बयान के बाद अयोध्या की सियासत में हलचल तेज हो गई है और भाजपा के भीतर भी उनके संभावित उम्मीदवार बनने को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में उनके राजनीतिक कदम अयोध्या और प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।






