महाशिवरात्रि पर व्रत के दौरान बिगड़ी तबीयत, दो सोसाइटियों में हड़कंप
ग्रेटर नोएडा वेस्ट।
महाशिवरात्रि के अवसर पर व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खाने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 40 से अधिक लोग बीमार हो गए। घटना थाना बिसरख क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां दो अलग-अलग हाउसिंग सोसाइटियों में लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सुपरटेक इको विलेज 3 में करीब 20 लोगों को उल्टी, बुखार और पेट दर्द की शिकायत हुई। वहीं हिमालय Pride सोसाइटी के 24 से अधिक लोग भी इसी तरह के लक्षणों से पीड़ित पाए गए।
बीमार लोगों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों का प्रारंभिक अनुमान है कि खराब या मिलावटी कुट्टू के आटे के सेवन से फूड प्वाइजनिंग की स्थिति बनी है।
सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। संबंधित दुकानों से कुट्टू के आटे के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी खाद्य सामग्री का सेवन करते समय उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करें और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
थाना बिसरख पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यदि आटे में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर हुई इस घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।





