37.2 C
Lucknow
Thursday, March 12, 2026

जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने विधायक सुशील शाक्य से लगाई गुहार, जल्द निर्माण का मिला आश्वासन

Must read

अमृतपुर/फर्रुखाबाद: अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिथनापुर में जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने विधायक सुशील शाक्य से सड़क निर्माण की मांग की है। गुरुवार को पिथनापुर निवासी अनुज कुमार सिंह उर्फ मीनू ने विधायक के आवास पहुंचकर गांव की बदहाल सड़क की समस्या से अवगत कराया और जल्द निर्माण कराने की मांग रखी।

अनुज कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत पिथनापुर, विकासखंड राजेपुर, जनपद फर्रुखाबाद में शिवकुमार मिश्र के घर से मनोज सक्सेना के गेट तक लगभग 190 मीटर तथा प्रेमपाल शर्मा के घर से धनपाल वाल्मीकि के घर तक करीब 185 मीटर लंबी सड़क अत्यंत जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और बरसात के दिनों में नालियों का पानी भर जाने से यहां जलभराव की गंभीर समस्या बन जाती है।

ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग गांव के मुख्य आवागमन का रास्ता है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आना-जाना रहता है। खराब सड़क के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घायल भी हो चुके हैं। छोटे-छोटे नौनिहालों को स्कूल जाने में परेशानी होती है और बीमार व्यक्तियों को इस रास्ते से ले जाने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

लगातार पानी भरा रहने के कारण वहां मक्खी-मच्छर और कीड़े-मकोड़े पनपने लगे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो आने वाले समय में समस्या और भी गंभीर हो सकती है।

इस संबंध में अनुज कुमार सिंह उर्फ मीनू ने विधायक से मांग की है कि ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए। विधायक सुशील शाक्य ने आश्वासन दिया कि मामले की जानकारी उन्हें पहले नहीं थी, लेकिन अब जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभाग से बात कर जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article