शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम रजला मई के निकट मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेतों में संदिग्ध हालत में पहुंचे एक प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने देख लिया। ग्रामीणों के अनुसार ठंडी कुइयां से शिकंदरपुर महमूद मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते पर एक बाइक से दो युवक और एक युवती पहुंचे थे। कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर वे खेतों की ओर चले गए।
बताया जाता है कि खेत में कार्य कर रहे किसानों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जानकारी मिलने पर गांव में सूचना दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों का हुजूम मौके पर पहुंच गया और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों की आहट मिलते ही प्रेमी युगल मौके से बाइक लेकर फरार हो गए।
हालांकि, मौके पर मौजूद एक अन्य युवक को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने स्वयं को फर्रुखाबाद क्षेत्र का निवासी बताया। सूत्रों के मुताबिक युवक ने ग्रामीणों से माफी मांगी, जिस पर हिदायत देकर उसे छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि सुनसान इलाका होने के कारण इस क्षेत्र में आए दिन इस तरह की घटनाएं चर्चा का विषय बनती रहती हैं। खेतों में काम कर रहे किसानों ने जब यह दृश्य देखा तो अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस को औपचारिक सूचना दिए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी है।


