हरदोई
जनपद के पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम पत्यौरा में बिजली विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान कुछ ग्रामीणों ने टीम के साथ अभद्रता करते हुए उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और टीम के सदस्यों को मौके से जान बचाकर निकलना पड़ा।
विद्युत उपकेंद्र अनंगपुर के अवर अभियंता भैयालाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गांव में बिजली चोरी रोकने और बकाया वसूली के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान अधिशासी अभियंता भजनलाल भी टीम के साथ मौके पर मौजूद थे और कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे।
आरोप है कि चेकिंग के दौरान गांव के भूरे पुत्र विजय, महेश पुत्र गंगाबक्स और रामवीर पुत्र छोटे सहित अन्य अज्ञात लोगों ने टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब टीम ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया और दोबारा गांव में आने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
हालांकि इस हमले में किसी भी कर्मचारी को शारीरिक चोट नहीं आई, लेकिन घटना के कारण सरकारी कार्य बाधित हो गया और राजस्व वसूली प्रभावित हुई। टीम के सदस्यों में भय का माहौल बन गया, जिससे अभियान को बीच में ही रोकना पड़ा।
थानाध्यक्ष शिवनारायण सिंह ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


