नई दिल्ली। भारत में वित्तीय अनियमितताओं और कर्ज घोटाले के मामलों में वांछित भगोड़ा कारोबारी विजय माल्या एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह लंदन में मनाया गया उसका 70वां जन्मदिन है, जिसकी भव्यता और मेहमानों की मौजूदगी ने सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा तेज कर दी है। इस खास मौके पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने अपने खूबसूरत लंदन स्थित आवास पर एक निजी लेकिन आलीशान पार्टी का आयोजन किया, जिसका निमंत्रण कार्ड और तस्वीरें अब सामने आ गई हैं।
पार्टी में शामिल मेहमानों की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। मशहूर फोटोग्राफर जिम राइडेल ने समारोह के दौरान ली गई एक तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि उन्हें विजय माल्या के 70वें जन्मदिन से पहले ललित मोदी के शानदार लंदन स्थित घर में आयोजित इस बेहतरीन पार्टी में आमंत्रित किए जाने पर खुशी है और इसके लिए उन्होंने मेजबानों का धन्यवाद भी किया।
विजय माल्या, जो भारत में बैंकों के हजारों करोड़ रुपये के कर्ज मामले में आरोपी है, लंबे समय से लंदन में रहकर एक आलीशान जीवनशैली जी रहा है। उसकी यह जन्मदिन पार्टी एक बार फिर इस सवाल को हवा दे रही है कि भारत में कानूनी शिकंजे से बचा यह भगोड़ा विदेश में खुलेआम शाही अंदाज में कैसे जश्न मना रहा है। बर्थडे पार्टी की तस्वीरें सामने आने के बाद विजय माल्या और ललित मोदी दोनों ही एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।






