देहरादून।राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रूपऊ में आयोजित कैरियर कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को भविष्य की दिशा दिखाने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य मार्गदर्शक पीसीएस अधिकारी एवं स्टेट जीएसटी डिप्टी कमिश्नर विजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि शिक्षार्थी स्वयं को अनुशासन के ढांचे में ढालकर निरंतर कठिन परिश्रम करें, तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है।
विजय कुमार ने अपने जीवन संघर्ष का उदाहरण देते हुए बताया कि सरकारी सेवा में चयन के लिए उन्होंने लगातार आठ प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं। उनका यह संघर्ष विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बना। उन्होंने कविता के माध्यम से शिक्षा, परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता भी उत्पन्न की, जिसे छात्रों ने अत्यंत रुचि के साथ सुना।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में अपने भविष्य को लेकर विशेष उत्सुकता देखने को मिली। विद्यार्थियों ने पूछा कि वे जिस क्षेत्र में जाना चाहते हैं, उसके लिए किस प्रकार पढ़ाई करें, कैसे तैयारी करें और आगे चलकर कौन-कौन से अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। विजय कुमार ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए छात्रों का ध्यान आत्मअनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और सतत अभ्यास की ओर आकर्षित किया।
कार्यक्रम में मार्गदर्शक के रूप में जियोलॉजिस्ट एवं उत्तराखंड जल विद्युत निगम के डिप्टी जनरल मैनेजर संजय कुमार ने भी छात्रों को विभिन्न विषयों की जटिलताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि छात्र किस प्रकार स्वयं से प्रतिबद्धता कर अपनी प्राथमिकताएं तय करें, दिनचर्या को सुव्यवस्थित करें और समयबद्ध तरीके से अपने लक्ष्य की प्राप्ति करें।
एक छात्रा के प्रश्न के उत्तर में उन्होंने इंजीनियरिंग के विभिन्न क्षेत्रों, प्रवेश प्रक्रियाओं, उपलब्ध अवसरों और सफल जीवन की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कृषि विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी डिगंबर सिंह ने कृषि से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी देते हुए बताया कि किस प्रकार कृषि क्षेत्र में भी बेहतर करियर और रोजगार की संभावनाएं मौजूद हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नंदकिशोर यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अनुभवी और प्रतिभाशाली अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर अपने जीवन को सफलता की दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए। विद्यालय के शिक्षक एवं उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के पूर्व सदस्य डॉ जितेन्द्र सिंह बुटोइया ने किया। वहीं व्यवस्थाओं में विद्यालय की शिक्षिका मीनाक्षी तिवारी का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर कक्षा 10 के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुनते हुए अपने भविष्य को लेकर नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त की।






