नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी चुनावी रणनीति को मजबूत किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार का चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब राज्य के राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं और विधानसभा चुनाव में भाजपा अपनी पूरी ताकत दिखाना चाहती है।
भाजपा ने तमिलनाडु के लिए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा को चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल को सह-प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, पश्चिम बंगाल में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रभारी और सांसद बिप्लब कुमार देव को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा का यह कदम स्पष्ट संकेत देता है कि पार्टी सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि 2026 में होने वाले पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए भी अब से ही सक्रिय रणनीति बना रही है। इससे यह साफ होता है कि पार्टी हर राज्य में संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारी को प्राथमिकता दे रही है।


