पेशी के दौरान बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप
कौशाम्बी।माफिया अतीक अहमद के एक करीबी से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो जिला सत्र न्यायालय परिसर का बताया जा रहा है, जहां एक आरोपी की पेशी के दौरान यह वीडियो बनाया गया। बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति इंटरस्टेट गैंग 227 का सदस्य है और माशूक की पेशी के समय मौजूद था।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह वीडियो आरोपी के बेटे सऊद फैसल के फेसबुक अकाउंट से पोस्ट किया गया बताया जा रहा है, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो के सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और न्यायालय परिसर में मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आमतौर पर कोर्ट परिसर में इस तरह की गतिविधियों पर सख्त प्रतिबंध होता है।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर न्यायालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था और आपराधिक तत्वों की सक्रियता को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।


