– एक महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर भेजी गई
शमशाबाद। क्षेत्र के खुडना बैध गांव में इन दिनों विचित्र बुखार तेजी से फैल रहा है। गांव में अब तक करीब एक सैकड़ा लोग बुखार की चपेट में आ चुके हैं। बताया जा रहा है कि इस बुखार के लक्षण सामान्य वायरल से अलग हैं — तेज़ सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों में जलन और लगातार कमजोरी इसकी आम शिकायतें हैं।
बुखार के कारण गांव की एक महिला की मौत होने की भी पुष्टि हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से कई घरों में एक साथ लोग बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन अब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। चिकित्सकों ने कई मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। फिलहाल बुखार का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन प्राथमिक आशंका वायरल या जलजनित संक्रमण की बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में गंदगी और पानी के जमाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और ग्राम पंचायत से गांव में दवा छिड़काव और सफाई अभियान चलाने की मांग की है।




