वन्यजीव हमलों में घायल लोगों का पूरा इलाज सरकार कराएगी, मृतकों के परिजनों को मुआवजा बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया

0
41

देहरादून। उत्तराखंड में भालू और अन्य वन्यजीवों के हमलों में बढ़ती घटनाओं पर राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश जारी किए हैं कि वन्यजीवों के हमलों में घायल होने वाले हर व्यक्ति के उपचार का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु को इस संबंध में तत्काल प्रभाव से कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है।

मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान धामी ने कहा कि घायलों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा मिलना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी घायल व्यक्ति के उपचार में देरी न हो और अस्पतालों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को बढ़ाने और स्थानीय लोगों के बीच जागरूकता कार्यक्रमों को तेज करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग और पुलिस से समन्वय बढ़ाकर ऐसी घटनाओं की रोकथाम पर जोर दिया।

सरकार ने हाल ही में वन्यजीव हमलों में मृतकों के परिजनों को दी जाने वाली मुआवजा राशि भी पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी है। इस फैसले से ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here