19.5 C
Lucknow
Saturday, February 21, 2026

उत्तर प्रदेश विजेता, बिहार उपविजेता: अटल-अजीत मेमोरियल ट्रॉफी टी-20 राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन

Must read

वाराणसी: भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई एवं पद्मश्री अजित वादेकर (Bharat Ratna Atal Bihari Vajpayee and Padma Shri Ajit Wadekar) की स्मृति में आयोजित टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता अटल-अजीत मेमोरियल ट्रॉफी का भव्य आयोजन रुइया मैदान (मेडिकल ग्राउंड) पर संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम विजेता (Uttar Pradesh Winners) बनी, जबकि बिहार उपविजेता रहा।

मुख्य अतिथि पूर्व रणजी क्रिकेट खिलाड़ी राजन श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों का प्रदर्शन किसी भी स्तर पर सामान्य खिलाड़ियों से कम नहीं है। उन्होंने जल्द ही मुंबई में दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने की घोषणा की। ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने बताया कि पिछले दस वर्षों से काशी में निरंतर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से दिव्यांग खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और खेल कौशल बढ़ा है।

सलाहकार बोर्ड सदस्य, उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेट में हार जैसा कोई शब्द नहीं होता, यहां केवल संघर्ष और जीत की भावना होती है। उन्होंने भविष्य में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट उत्तर प्रदेश में आयोजित करने की बात कही।

बेस्ट ऑफ-3 में रोमांचक मुकाबले

इस वर्ष प्रतियोगिता बेस्ट ऑफ-3 प्रारूप में खेली गई। उत्तर प्रदेश के कप्तान सुबोध राय ने टॉस जीतकर बिहार को पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया। बिहार ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 154 रन बनाए। अजय कुमार ने 28 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की ओर से जे.पी. सिंह ने 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम 19वें ओवर में 144 रन पर ऑल आउट हो गई। कासिम खान ने 55 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। बिहार के संजूर आलम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

फाइनल मैच में उत्तर प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 149 रन बनाए। रंजीत वर्मा ने 37 गेंदों में 51 रन की तेज पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार की टीम 105 रन पर सिमट गई। उत्तर प्रदेश की ओर से कुमार राहुल, दिनेश और जे.पी. सिंह ने तीन-तीन विकेट लिए। कुमार राहुल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मदन मोहन वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. तुलसी दास ने दिया। प्रतियोगिता ने यह साबित किया कि दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा, संघर्ष और समर्पण से खेल जगत में नई पहचान बना रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article