लखनऊ।उत्तर प्रदेश सरकार ने तकनीकी विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए पच एआई (Puch AI) के साथ ₹25,000 करोड़ के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत प्रदेश में अत्याधुनिक डाटा सेंटर आधारित एआई पार्क स्थापित किए जाएंगे, जिससे उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी ‘एआई प्रदेश’ बनाने की दिशा में तेजी आएगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य प्रदेश में डिजिटल ढांचे को मजबूत करना और शासन प्रणाली को अधिक स्मार्ट, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना है।
एआई कॉमन्स और एआई विश्वविद्यालय की स्थापना
इस पहल के अंतर्गत एआई कॉमन्स विकसित किए जाएंगे, जिनका उपयोग सुशासन और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के लिए एक एआई विश्वविद्यालय की स्थापना भी प्रस्तावित है।
इस परियोजना से प्रदेश के युवाओं को एआई, डाटा साइंस और उभरती तकनीकों में प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और युवा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होंग।
₹25,000 करोड़ के इस बड़े निवेश से उत्तर प्रदेश में आईटी और तकनीकी क्षेत्र को नई गति मिलेगी। डाटा सेंटर और एआई पार्क के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावना भी जताई जा रही है।
सरकार के अनुसार, यह पहल उत्तर प्रदेश को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और उसे देश के प्रमुख तकनीकी केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है।
‘एआई प्रदेश’ की ओर बढ़ा उत्तर प्रदेश, ₹25,000 करोड़ के समझौते से बनेंगे अत्याधुनिक एआई पार्क


