25.31 लाख पंजीकरण में से 19.43 लाख अभ्यर्थी हुए थे शामिल — 48 जिलों के 1479 केंद्रों पर आयोजित हुई थी परीक्षा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने आज प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) का रिजल्ट जारी कर दिया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।
आयोग के सचिव ने जानकारी देते हुए बताया कि PET स्कोर आगामी 3 वर्षों तक मान्य रहेगा और इसी के आधार पर राज्य की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा या कौशल परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
PET-2025 के लिए कुल 25,31,996 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 19,43,171 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए आयोग ने व्यापक व्यवस्थाएँ की थीं।
परीक्षा राज्य के 48 जिलों के 1479 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।
PET-2025 दो चरणों में 6 और 7 सितंबर 2025 को संपन्न हुई थी। परीक्षा शांति और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस विभाग की टीमें पूरी तरह सक्रिय रहीं।
UPSSSC PET स्कोर जूनियर असिस्टेंट, लेखपाल, वनरक्षक सहित कई समूह ‘ग’ पदों की भर्तियों के लिए अनिवार्य पात्रता माना जाता है। PET-2025 के रिजल्ट जारी होने के बाद अब आयोग जल्द ही विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं के अगले चरणों की अधिसूचना भी जारी कर सकता है।


