लाठी-डंडे चले, वीडियो वायरल
औरैया
अछल्दा थाना क्षेत्र में नवमी के अवसर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इटैली स्थित सती मंदिर पर झंडा चढ़ाने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटावा जनपद के भरथना क्षेत्र निवासी दो साढ़ू—अजुष और चेतू—अपने-अपने परिवार के साथ मन्नत पूरी होने पर मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर से कुछ दूरी पर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस झड़प में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि महिलाओं के भी शामिल होने की बात सामने आई है।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होती चली गई। वहीं, वायरल वीडियो में झगड़े की गंभीरता साफ देखी जा सकती है, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। मौके पर एएसपी आलोक मिश्र, क्षेत्राधिकारी बिधूना पी. पुनीत मिश्र, थाना प्रभारी पंकज मिश्र सहित कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर अछल्दा थाने में बैठाया और पूछताछ की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार (साढ़ू) हैं और घटना के समय नशे की हालत में थे। मेडिकल परीक्षण के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास लगे मेले की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। देर शाम पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इसी दौरान क्षेत्र के ही महामाई मंदिर में भी झंडा चढ़ाने को लेकर विवाद हो गया, जहां एक दुकानदार और कुछ श्रद्धालुओं के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस घटना में एक महिला दुकानदार घायल हो गई और उसकी दुकान को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने मौके से आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से प्रशासन अलर्ट मोड पर है और त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


