मैनपुरी: आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे (Agra–Lucknow Expressway) को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के साथ ही यात्रियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPDA) द्वारा 90 किलोमीटर लंबे इस ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के किनारे फूड प्लाजा, रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप, विश्राम स्थल और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना तैयार की गई है। इससे न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
यूपीडा के अनुसार एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से साइड एमनिटी के तहत इन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। जिले में किलोमीटर संख्या 37 पर एक भव्य फूड प्लाजा और रेस्टोरेंट बनाए जाने के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। यह फूड प्लाजा नेशनल हाईवे-34 (जीटी रोड) के पास प्रस्तावित इंटरचेंज से पहले स्थित होगा, जहां यात्रियों को भोजन, विश्राम, ईंधन और अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए मैनपुरी जिले के भोगांव और किशनी तहसील क्षेत्र के कुल 27 गांवों की भूमि चिन्हित की गई है। लगभग 30 किलोमीटर के दायरे में आने वाले इन गांवों में एलाइनमेंट का कार्य पूरा हो चुका है। यूपीडा द्वारा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया मार्च के अंत तक शुरू किए जाने की संभावना है। दर निर्धारण की पत्रावली के अनुमोदन के बाद दोनों तहसीलों में अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
इस 90.838 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे पर कुल सात इंटरचेंज बनाए जाएंगे, जिससे आसपास के क्षेत्रों से एक्सप्रेसवे पर चढ़ना और उतरना आसान होगा। इन इंटरचेंजों पर फास्टैग आधारित टोल बूथ लगाए जाएंगे। इंटरचेंज निर्माण के लिए अतिरिक्त भूमि भी अधिग्रहित की जाएगी। एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भूमि अधिग्रहण के बाद शुरू की जाएगी और निर्माण एजेंसी को सिक्स लेन सड़क बनाने के लिए लगभग 36 माह का समय दिया जाएगा।
यूपीडा के अधिकारियों ने बताया कि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे की डिजाइनिंग और अन्य तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एक्सप्रेसवे के किनारे यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं देने के लिए पूरा होमवर्क कर लिया गया है। यूपीडा के महाप्रबंधक अनुराग अस्थाना के अनुसार, यह एक्सप्रेसवे न केवल आगरा–लखनऊ और गंगा एक्सप्रेसवे के बीच तेज और सुगम संपर्क स्थापित करेगा, बल्कि मैनपुरी जिले के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।


