बिसौली। रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज में गुरुवार को यूपी बोर्ड की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात शिक्षकों और पुलिसकर्मियों ने परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड का गहन मिलान करने के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश की अनुमति दी। सघन जांच व्यवस्था के चलते पूरे केंद्र पर अनुशासन और पारदर्शिता का वातावरण बना रहा।
केंद्र व्यवस्थापक डॉ. घनश्याम दास ने जानकारी दी कि द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट भूगोल विषय की परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें 66 छात्राएं पंजीकृत थीं। इनमें से 65 छात्राएं उपस्थित रहीं, जबकि एक अनुपस्थित रही। उन्होंने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखे गए थे तथा कक्ष निरीक्षकों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे।
परीक्षार्थियों को परीक्षा से पूर्व अनुचित साधनों का प्रयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई। केंद्र प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप शुचिता और निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। परीक्षा के दौरान बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रही।
केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार, पूर्ति निरीक्षक बदायूं, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक विष्णु कांत, परीक्षा प्रभारी विपिन शर्मा, सह प्रभारी हरदीप सिंह तथा कंप्यूटर ऑपरेटर अमित पाराशरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरे समय तैनात रहा, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।


