कासगंज । जनपद में बुधवार से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा प्रारंभ हो गई। परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर गहमागहमी का माहौल रहा। इस वर्ष जिले में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल के 21,717 तथा इंटरमीडिएट के 18,645 सहित कुल 40,362 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।
पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। निर्धारित समय से पहले ही छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। केंद्रों के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की गहन जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया गया। कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की नकल की संभावना समाप्त की जा सके।
परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त तीन जोनल मजिस्ट्रेट और आठ सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी सुबह से सक्रिय रहे और विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया।
परीक्षा की मॉनिटरिंग केवल जिला स्तर पर ही नहीं, बल्कि मंडल स्तर, क्षेत्रीय मुख्यालय मेरठ तथा प्रदेश मुख्यालय लखनऊ से भी ऑनलाइन की जा रही है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्र समय से पहुंचाए गए और परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू हुई। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी परीक्षाओं में भी इसी प्रकार सख्ती बरती जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


