लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का आज पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण माहौल में शुभारंभ हो गया। पहले दिन प्रदेशभर के लाखों छात्र-छात्राएं निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती तथा पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है।
प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी ने राजधानी लखनऊ में स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षार्थियों के माथे पर चंदन का तिलक लगाकर उनकी सफलता की कामना की और कहा कि यह परीक्षा उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, इसलिए आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर आगे बढ़ें।
प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। बुलंदशहर में 109 केंद्रों पर 83,182 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं, जबकि हापुड़ में 40 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है और केंद्रों के 200 मीटर दायरे में फोटोस्टेट की दुकानें बंद रखी गई हैं। सहारनपुर में 89 केंद्रों पर करीब 3600 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। अम्बेडकरनगर में 114 केंद्रों पर 71,998 परीक्षार्थी शामिल हैं, वहीं गोंडा में लगभग 96 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here