प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शनिवार को सफलतापूर्वक समाप्त हो गया। यह मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू होकर प्रदेशभर के 254 केंद्रों पर किया गया, जहां करीब 2.75 करोड़ कॉपियों की जांच की गई। बोर्ड द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर यह कार्य 15 कार्यदिवसों में पूरा कर लिया गया, हालांकि बीच में अवकाश के कारण तीन दिन मूल्यांकन कार्य स्थगित रहा, जिसके चलते अंतिम तिथि 4 अप्रैल तक बढ़ गई थी।
अब मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने के बाद अवार्ड ब्लैंक को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों में जमा कराया जा रहा है, जिसके साथ ही परीक्षाफल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पिछले वर्ष परिणाम 25 अप्रैल को घोषित किया गया था, ऐसे में इस वर्ष भी अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक रिजल्ट जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
इस बार परीक्षा के दौरान सख्ती का व्यापक असर देखने को मिला। कुल 2.87 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जिनमें हाईस्कूल के 1.61 लाख और इंटरमीडिएट के 1.26 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हैं। वहीं नकल पर लगाम कसने के लिए की गई कड़ी निगरानी के चलते 49 सॉल्वर विभिन्न जिलों में पकड़े गए, जिनके खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा 18 परीक्षार्थी नकल करते हुए भी पकड़े गए।
परीक्षा के दौरान मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन न करने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 12 जिलों के 16 परीक्षा केंद्रों को नोटिस जारी किया, जबकि नकल की शिकायतों के आधार पर 11 जिलों के 17 केंद्रों से भी जवाब तलब किया गया है।
इस वर्ष परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अति संवेदनशील जिलों में विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रयागराज, कौशांबी, गाजीपुर और जौनपुर सहित पांच जिलों के 20 परीक्षा केंद्रों पर पायलट प्रोजेक्ट के तहत जैमर लगाए गए, ताकि प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके।
इसके अलावा, मूल्यांकन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पांच जिलों में अंकों को ऑनलाइन अपलोड करने की व्यवस्था भी लागू की गई है। बोर्ड की इस नई पहल से परिणाम प्रक्रिया में तेजी और विश्वसनीयता दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 का मूल्यांकन पूरा, अप्रैल में जारी होगा रिजल्ट,नकल पर सख्ती के बीच 49 सॉल्वर पकड़े गए


